ज्ञान दान बुक बैंक को मिली यूपीएससी की 44 पुस्तकें, डीसी अपराजिता ने की पुस्तक दान की अपील
कैथल। जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से डीसी अपराजिता की पहल पर संचालित ज्ञान दान बुक बैंक को लगातार समाज का सहयोग मिल रहा है। इसी कड़ी में गांव संतोख माजरा के सरपंच आशीष रसीला और ग्रामीणों ने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी से संबंधित 44 पुस्तकें दान की हैं।
गांव संतोख माजरा के सरपंच आशीष रसीला की अगुवाई में रहमत मसीह, दाऊद मसीह, प्रवेश और लेखराज वीरवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और डीसी अपराजिता को ज्ञान दान बुक बैंक के लिए यूपीएससी की तैयारी संबंधी पुस्तकें भेंट कीं।
डीसी अपराजिता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकों का दान सबसे बड़ा दान माना जाता है। अनेक प्रतिभावान विद्यार्थी केवल संसाधनों और पुस्तकों की कमी के कारण अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। यदि ऐसे विद्यार्थियों को उचित अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो जाए तो वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जींद रोड स्थित डाइट कैथल में स्थापित ज्ञान दान बुक बैंक का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को निशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराना है, ताकि उनमें आत्मविश्वास बढ़े और पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित हो।
डीसी ने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए समाज के दानवीरों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी अपने निजी स्तर पर पुस्तकें खरीदकर अथवा पुरानी उपयोगी पुस्तकें दान करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि आमजन कार्यदिवस के दौरान सुबह 10 बजे से सायं 4 बजे तक जींद रोड स्थित डाइट परिसर में स्थापित ज्ञान दान बुक बैंक में पुस्तकें दान कर सकते हैं।
ज्ञान दान बुक बैंक के लिए छत्रपाल (डीएमएस) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुस्तकें दान करने अथवा अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक नागरिक मोबाइल नंबर 94679-20070 और 96715-86626 पर संपर्क कर सकते हैं।


Leave a Reply