सरकारी स्कूलों में बढ़ाए जाएं दाखिले, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे : डीसी अपराजिता
कैथल। डीसी अपराजिता ने कहा कि जिले के 594 राजकीय स्कूलों में वर्तमान में 89 हजार 238 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जुलाई माह में स्कूलों में दाखिलों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और स्कूल ड्रॉपआउट की स्थिति न बने।
डीसी अपराजिता वीरवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थीं। उन्होंने कहा कि जुलाई माह में स्कूल खुलने से पहले सभी विद्यालयों में लैब, साफ-सफाई, खेल मैदानों की देखरेख, शौचालयों और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण भी किया जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। गत वर्ष और वर्तमान वर्ष की उपलब्धियों की तुलनात्मक रिपोर्ट भी तैयार की जाए तथा प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाए।
डीसी ने कहा कि जुलाई माह में अधिक से अधिक बच्चों का दाखिला करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। दाखिलों, उपस्थिति और आउट ऑफ स्कूल बच्चों से संबंधित पिछले तीन माह तथा गत वर्ष की तुलना रिपोर्ट भी तैयार की जाए।
बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि सुपर-100 कार्यक्रम के अंतर्गत आईआईटी-जेईई एडवांस परीक्षा में जिला कैथल के सात विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ कैथल जिला प्रदेश में पांचवें स्थान पर रहा।
इन सफल विद्यार्थियों में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवबन की छात्रा प्रतिष्ठा पांचाल, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन के रवि कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाता के हर्षदीप, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धौंस के नवीन कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बालू के राहुल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टीक के हिमांशु तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेरधा के अमन शामिल हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि विकसित भारत बिल्डथॉन में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्योड़क के विद्यार्थियों का चयन हुआ है। शिवानी पीजीटी (केमिस्ट्री) के मार्गदर्शन में यह हरियाणा का एकमात्र राजकीय विद्यालय बना है, जिसे इस प्रतियोगिता में स्थान मिला।
विद्यालय के विद्यार्थियों पलक देवी, पंकज कुमार, प्रेषित शर्मा, पलक और तमन्ना द्वारा प्रस्तुत किए गए नवाचार आधारित आइडिया के कारण विद्यालय का चयन संभव हो पाया।
राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी 2025 में राजकीय माध्यमिक विद्यालय डोहर की छठी कक्षा की छात्रा मन्नत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 2025 में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ने एकल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया तथा राजकीय विद्यालय शेरगढ़ ने स्किट प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
डीसी अपराजिता ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उन्हें उचित सम्मान दिलाया जाए, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिल सके।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply