“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

राजौंद में दुकान पर हमला और तोड़फोड़ मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार

राजौंद में दुकान पर हमला और तोड़फोड़ मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार

कैथल। राजौंद क्षेत्र में एक दुकान में घुसकर हमला करने, तोड़फोड़ करने तथा दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना राजौंद और एंटी नारकोटिक सेल-2 की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में राजौंद निवासी महिपाल और विनोद, जालंधरी मोहल्ला कैथल निवासी विशाल, बालाजी कॉलोनी कैथल निवासी मुना, अमरगढ़ गामड़ी निवासी आर्यन, पूंडरी निवासी कुलदीप तथा गांव हजवाना निवासी सुमित शामिल हैं।

थाना राजौंद के एसएचओ इंस्पेक्टर रामनिवास ने बताया कि राजौंद निवासी संदीप कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 31 मई की शाम करीब 8:30 बजे कुछ व्यक्तियों ने उसकी दुकान पर पहुंचकर हमला किया, दुकान के ताले तोड़े तथा उसके और उसके परिवार के साथ मारपीट की।

शिकायत के अनुसार अगले दिन 1 जून को आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचे और हमला कर दिया। इस दौरान शिकायतकर्ता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। शिकायत के आधार पर थाना राजौंद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी महिपाल और शिकायतकर्ता संदीप के बीच दुकान को लेकर विवाद चल रहा था। महिपाल ने आरोपी विनोद को बताया कि संदीप ने उसकी दुकान पर कब्जा कर रखा है और वह कब्जा छुड़वाना चाहता है। इसके बाद विनोद ने कुलदीप से संपर्क किया और अन्य साथियों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया गया।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिपाल ने दुकान पर कब्जा दिलवाने और वारदात को अंजाम देने के लिए अन्य आरोपियों को पैसे दिए थे।

एसएचओ रामनिवास ने कहा कि कानून व्यवस्था अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कैथल पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *