“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल के विभिन्न कॉलेज एवं यूनिवर्सिटी में आयोजित किए गए योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर : डॉ. शकुंतला दहिया

कैथल के विभिन्न कॉलेज एवं यूनिवर्सिटी में आयोजित किए गए योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर : डॉ. शकुंतला दहिया

कैथल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व तैयारियों के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग कैथल के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविरों का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया के निर्देशन में आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य युवाओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

वीरवार को आयोजित शिविरों में डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज, इंदिरा गांधी कन्या महाविद्यालय, जाट कॉलेज, आर.के.एस.डी. कॉलेज तथा नीलम यूनिवर्सिटी कैथल के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी संस्थानों में विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया गया तथा योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों की जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योग अपनाने तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण शिविरों के दौरान आयुष योग सहायकों द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम एवं ध्यान संबंधी गतिविधियों का अभ्यास करवाया गया। योग प्रशिक्षकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, मकरासन एवं शवासन सहित विभिन्न आसनों की विधि एवं उनके लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

इसके अतिरिक्त अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी तथा नाड़ी शोधन प्राणायाम का अभ्यास करवाते हुए इनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास द्वारा तनाव प्रबंधन, एकाग्रता में वृद्धि, शारीरिक क्षमता विकास तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपायों से अवगत कराया गया।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिले भर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। आयुष विभाग द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, शहरी वार्डों, योगशालाओं तथा विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में लगातार योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों से बचा जा सकता है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *