“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

ऑपरेशन हथियार के तहत कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 अवैध हथियारों सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन हथियार के तहत कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 अवैध हथियारों सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ 30 मई 2026

कैथल: पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए गए दो दिवसीय ऑपरेशन हथियार के तहत कैथल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 देशी कट्टे, 3 पिस्तौल और 11 कारतूस सहित कुल 7 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी रमेश गुलिया ने बताया कि पहले मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई बिजेंद्र सिंह की टीम ने मंडवाल माइनर के पास कार्रवाई करते हुए प्रदीप निवासी गांव चौंचड़ा, जिला करनाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक विदेशी पिस्तौल, 5 कारतूस और एक देशी कट्टा बरामद हुआ।

दूसरे मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एसआई धर्म सिंह की टीम ने प्यौदा से तितरम मोड़ बिजली घर के पास कार्रवाई कर रणदीप उर्फ टींकू निवासी राहड़ा, जिला करनाल को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 पिस्तौल (32 बोर), एक देशी कट्टा और 6 कारतूस बरामद किए गए।

तीसरे मामले में सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने कलायत-मटौर रोड पर कार्रवाई करते हुए सोनू निवासी गांव कसून, जिला जींद को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ।

चौथे मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई राममेहर की टीम ने शिल्लाखेड़ा रोड, कैथल से पाली निवासी चंदाना गेट, कैथल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज कर लिए हैं। उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा तथा आगे की पूछताछ जारी है। डीएसपी रमेश गुलिया ने कहा कि जिला पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *