विदेशी नशा तस्कर को चरस सप्लाई करवाने वाला आरोपी गिरफ्तार, 4 दिन का पुलिस रिमांड
कैथल: नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने विदेशी नशा तस्कर को हिमाचल प्रदेश से चरस उपलब्ध करवाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के लिए न्यायालय से 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 27 मई को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई संदीप कुमार की टीम ने एनएच-152डी स्थित मोहना पुल के पास कार्रवाई करते हुए मनुचेर रशीदी निवासी वियना (ऑस्ट्रिया), हाल निवासी चुहाड़ी, जिला वलिपुरम, तमिलनाडु को गिरफ्तार किया था।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक बैग में रखी पॉलीथिन से 1 किलो 85 ग्राम चरस बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना पुंडरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और मामले की जांच एएसआई तरसेम द्वारा की जा रही थी।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी मनुचेर रशीदी ने खुलासा किया कि यह नशीला पदार्थ उसे कर्मपाल निवासी खेड़ी सिंबल वाली द्वारा हिमाचल प्रदेश से उपलब्ध करवाया गया था। खुलासे के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मपाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मनुचेर रशीदी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी कर्मपाल को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।


Leave a Reply