अमेरिका भेजने के नाम पर 17.18 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार, 4 दिन का पुलिस रिमांड
कैथल: विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस की एंटी एमिग्रेशन सैल ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर अमेरिका भेजने का झांसा देकर 17 लाख 18 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एंटी एमिग्रेशन सैल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई मोहन सिंह की टीम ने मामले की जांच करते हुए गांव थेहबनेड़ा निवासी मनजोत सिंह को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता रामपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मनजोत सिंह और उसके साथी आसिफ अली खान ने उसके भाई देशराज को अमेरिका भेजने, दो वर्ष का वर्क वीजा दिलाने तथा स्थायी निवास (पीआर) दिलवाने का झांसा दिया था। आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनी के माध्यम से कई लोग विदेश जाकर अच्छी कमाई कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने फाइल चार्ज, वीजा, टिकट और अन्य खर्चों के नाम पर बैंक खातों तथा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 17 लाख 18 हजार रुपये प्राप्त किए। साथ ही देशराज का पासपोर्ट, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए।
आरोप है कि बाद में आरोपियों ने वीजा लगने का दावा करते हुए वीडियो भेजे और लगातार पैसों की मांग करते रहे। अगस्त 2024 में उन्होंने हंगरी का वीजा देकर वहां से अमेरिका भेजने की बात कही। शिकायतकर्ता अपने भाई और आरोपी के साथ दिल्ली तथा मुंबई तक गया, लेकिन कई दिनों तक इंतजार करने के बावजूद कोई उड़ान नहीं हुई। बाद में एयरपोर्ट पर वीजा और टिकट फर्जी पाए गए, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
मामले में थाना चीका में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी मनजोत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से गहन पूछताछ के लिए 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


Leave a Reply