पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना और पीएम सुरक्षा बीमा योजना नागरिकों के लिए साबित हो रही हैं कारगर : डीसी अपराजिता
कैथल, 17 मई: उपायुक्त अपराजिता ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आम नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। इन योजनाओं के आवेदन पत्र सभी बैंकों और डाकघरों में उपलब्ध हैं। निर्धारित वार्षिक प्रीमियम जमा करवाकर नागरिक 2 लाख रुपये तक का बीमा लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रत्येक बैंक उपभोक्ता को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ये दोनों योजनाएं शुरू की गई हैं। ये योजनाएं सामान्य परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहायता देकर मजबूत बनाती हैं।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY)
इस योजना में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के नागरिक नामांकन कर सकते हैं। इसके तहत मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा करवाना होता है। योजना के अंतर्गत किसी भी कारण से मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा प्रदान किया जाता है।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY)
यह एक दुर्घटना बीमा योजना है, जिसमें 18 से 70 वर्ष तक के नागरिक शामिल हो सकते हैं। इसके लिए केवल 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम देना होता है। योजना के तहत दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये तक का बीमा संरक्षण उपलब्ध कराया जाता है।
डीसी ने बताया कि दोनों योजनाओं का प्रीमियम उपभोक्ता के बैंक या डाकघर खाते से ऑटो डेबिट के माध्यम से काटा जाता है तथा स्वीकृत दावा राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा की जाती है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी बैंक शाखा या डाकघर में जाकर इन योजनाओं में नामांकन करवाएं और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


Leave a Reply