आर.के.एस.डी. कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क एडमिशन रजिस्ट्रेशन एवं कंप्यूटर सहायता सुविधा जारी
कैथल, 12 मई 2026: आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और विद्यार्थी हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महाविद्यालय परिसर में आधुनिक कंप्यूटर सेल की स्थापना की है। इस विशेष कंप्यूटर सेल का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया से संबंधित सभी तकनीकी और प्रशासनिक सहायता एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध करवाना है।
महाविद्यालय में स्थापित “कॉलेज रजिस्ट्रेशन कंप्यूटर सेल” के माध्यम से विद्यार्थियों को डीजीएचई हरियाणा पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, आवेदन पत्र भरने, दस्तावेज़ अपलोड करने, विषय चयन, आवेदन सत्यापन, ई-मेल और मोबाइल नंबर अपडेट करने जैसी सुविधाओं में प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
इस सुविधा के तहत किसी भी विद्यार्थी को बाजार में जाकर रजिस्ट्रेशन शुल्क देने या कंप्यूटर सेंटर पर फॉर्म भरवाने की आवश्यकता नहीं है। महाविद्यालय परिसर में ही सभी सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह विद्यार्थी-केंद्रित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक सकारात्मक, सरल और पारदर्शी प्रवेश अनुभव प्रदान करना है।
कंप्यूटर सेल के संयोजक डॉ. अनुराग और समन्वयक डॉ. मनोज बंसल ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। कंप्यूटर सेल में विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर, स्कैनर, इंटरनेट सुविधा और तकनीकी सहयोग की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय रहते पंजीकरण करवाने तथा महाविद्यालय की निःशुल्क सहायता सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कॉलेज के प्रधान श्री अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना समय की आवश्यकता है और यह कंप्यूटर सेल विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी विद्यार्थी को केवल तकनीकी जानकारी के अभाव में प्रवेश प्रक्रिया से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।


Leave a Reply