“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

गेहूं भुगतान और उठान को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा का मार्किट कमेटी पर धरना

गेहूं भुगतान और उठान को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा का मार्किट कमेटी पर धरना

📍 कैथल | 🗓️ 07 मई 2026

कैथल, 07 मई 2026: संयुक्त किसान मोर्चा जिला कैथल द्वारा बुधवार को मार्किट कमेटी कैथल पर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। धरने की अध्यक्षता जिला संयोजक महेंद्र सिंह, किसान सभा के जिला प्रधान जसबीर सिंह तथा राज्य कैशियर सतपाल सिंह दिनोवाली ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जसबीर सिंह द्वारा किया गया।

धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए नियमों और ऑनलाइन प्रक्रियाओं के कारण किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि फसल खरीद के दौरान ऑनलाइन पोर्टल, रजिस्ट्रेशन और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी शर्तों ने किसानों की समस्याओं को और बढ़ा दिया है।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा 72 घंटे में गेहूं का भुगतान करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि अभी तक किसानों को उनकी गेहूं फसल का पूरा भुगतान नहीं मिला है। इसके साथ ही मंडियों में गेहूं के उठान की प्रक्रिया भी धीमी चल रही है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरने के बाद किसानों ने मार्किट कमेटी सचिव के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की गई। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संयुक्त किसान मोर्चा दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होगा।

संयुक्त किसान मोर्चा ने कैथल प्रशासन से गांव सरोला चीका क्षेत्र में हांसी बूटाना नहर और घग्गर नदी से संबंधित समस्याओं का भी समाधान करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि हर वर्ष सायफन के नीचे मिट्टी और गाद जमा होने के कारण बरसात के दिनों में पानी की निकासी रुक जाती है, जिससे क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने घग्गर नदी की सफाई, बांधों की मजबूती तथा हांसी बूटाना नहर की मरम्मत का कार्य समय रहते पूरा करने की मांग उठाई।

किसानों की मुख्य मांगों में गेहूं का बकाया भुगतान तुरंत जारी करना, मंडियों से गेहूं का शीघ्र उठान सुनिश्चित करना, फसल खरीद में ऑनलाइन पोर्टल और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी शर्तों को वापस लेना तथा सरोला चीका सायफन और घग्गर नहर की सफाई व मजबूती शामिल रही।

धरने में जसबीर सिंह, महेंद्र सिंह रामगढ़, सतपाल दिनोवाली, राजेश कुमार, बलजीत सिंह, रणधीर सिंह, जयदेव कुमार, रमेश कुमार, उदय सिंह, सुभाष, शमशेर सिंह सहित अन्य किसान नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *