“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

माइलस्टॉन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव बारे किया जागरूक

माइलस्टॉन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव बारे किया जागरूक

📍 कैथल | 🗓️ 06 मई 2026

कैथल, 06 मई: आमजन को साइबर अपराधों से बचाव बारे जागरूक करने के उद्देश्य से राहगीरी कार्यक्रम के तहत एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के मार्गदर्शन में साइबर थाना पुलिस की टीम द्वारा माइलस्टॉन पब्लिक स्कूल कैथल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों तथा उनसे बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान साइबर क्राइम थाना प्रभारी एसआई रणदीप सिंह और एचसी कृष्ण की टीम ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में हर क्षेत्र के डिजिटलीकरण से लोगों को सुविधाएं मिली हैं, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराध भी तेजी से बढ़े हैं। अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी फोन कॉल, संदेश, ईमेल या सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाले प्रलोभनों में आकर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। ऑनलाइन खरीदारी करते समय विशेष सावधानी बरतें और बिना पुष्टि किए एडवांस पेमेंट न करें।

उन्होंने बताया कि साइबर ठग खुद को बैंक कर्मचारी, बिजली विभाग, टेलीफोन एक्सचेंज, आयकर विभाग या किसी अन्य सरकारी संस्था का अधिकारी बताकर लोगों से बैंक डिटेल, ओटीपी और अन्य निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।

पुलिस टीम ने कहा कि साइबर ठग सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से लोगों से दोस्ती कर उनकी निजी जानकारी और फोटो हासिल कर लेते हैं और बाद में उन्हें ठगी का शिकार बना देते हैं। इसलिए सोशल मीडिया अकाउंट और बैंकिंग एप्स को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें, मजबूत पासवर्ड रखें और किसी के साथ ओटीपी या निजी जानकारी साझा न करें।

साइबर पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *