ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 17.39 लाख की ठगी, एंटी इमिग्रेशन सैल ने आरोपी गिरफ्तार किया
कैथल, 27 अप्रैल: विदेश भेजने के नाम पर आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए एंटी इमिग्रेशन सैल ने ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव बोपुर निवासी गुरजीत कौर ने शिकायत दी थी कि वह जीएनएम नर्सिंग पास है और स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाना चाहती थी। इस दौरान उसका संपर्क मोहाली स्थित “बाज इंटरनेशनल” नामक इमिग्रेशन कंपनी से हुआ।
आरोपी कमलजीत सिंह और प्रियंका शर्मा ने उसे स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया और करीब 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। आरोपियों ने उसके शैक्षणिक दस्तावेज लेकर अलग-अलग समय पर पैसे ऐंठने शुरू कर दिए।
शिकायतकर्ता ने विभिन्न तिथियों में कुल 7,39,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपी ने उसके घर आकर फर्जी वीजा दिखाकर 10 लाख रुपये नकद ले लिए।
बाद में जब दस्तावेजों की जांच करवाई गई तो वीजा, टिकट और अन्य कागजात फर्जी पाए गए। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने और मानव तस्करी की धमकी भी दी।
पंचायत के दबाव में आरोपी ने पैसे लौटाने के लिए चेक दिए, लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया।
आरोपी पहले से एक अन्य मामले में पटियाला जेल में बंद था, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के लिए 3 दिन का रिमांड हासिल किया है।

















Leave a Reply