“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

जींद रोड पर युवकों पर जानलेवा हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार

युवकों पर जानलेवा हमले के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

📍 कैथल | 🗓️ Updated: 27 April 2026
जींद रोड पर बाइक सवार युवकों पर हमला, गंडासी से वार कर आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी।

कैथल, 27 अप्रैल: जींद रोड पर युवकों पर जानलेवा हमला करने के मामले में सीआईए-1 पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह ने बताया कि गांव किठाना निवासी अमन ने शिकायत दी थी कि 24 अप्रैल को वह अपने दोस्त साहिल (सिरटा) और मुकेश उर्फ संजू (कैथल) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरकारी अस्पताल जा रहे थे।

जब वे जींद रोड पर टाटा मैट्रो कमर्शियल एजेंसी के पास पहुंचे, तो एक ग्रे रंग की कार ने उनकी बाइक को पीछे से जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद कार से उतरे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।

हमलावरों में गांव नौच निवासी नितिन, राहुल उर्फ एचपी, रितेश ढांडा, मंजीत उर्फ काला, रमन छौत, अभिषेक उर्फ अभी, सचिन जाखौली सहित अन्य शामिल थे। आरोपियों ने गंडासी व अन्य हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

घायलों को राहगीरों की मदद से सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया गया। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार सीआईए-1 और थाना सिविल लाइन पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए गुहणा निवासी राहुल उर्फ एचपी, नौच निवासी नितिन तथा गढ़ी निवासी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया।

एसआई जसवंत सिंह ने कहा कि जिले में हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *