21 जून को विस्तार अनाज मंडी में मनाया जाएगा 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : डीसी अपराजिता
कैथल: उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि आगामी 21 जून को जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन विस्तार अनाज मंडी में किया जाएगा, जबकि 20 जून को इसकी पायलट रिहर्सल आयोजित होगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।
डीसी लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपराजिता ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है तथा शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भारत सरकार द्वारा निर्धारित थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” है। इसी थीम के तहत जिला, उपमंडल और ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में महिलाओं, विद्यार्थियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पंचों, सरपंचों, जिला परिषद एवं ब्लॉक समिति सदस्यों तथा शहरी क्षेत्रों के पार्षदों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सभी नागरिकों को योग दिवस के लिए निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के लिए भी प्रेरित किया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि योग दिवस की तैयारियों के तहत 11 से 13 जून तक जिला एवं ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 15 जून को योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा। गांवों में स्थापित व्यायामशालाओं को दुरुस्त करने तथा योग मित्रों के माध्यम से नियमित योगाभ्यास करवाने के भी निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. शकुंतला दहिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply