सोमनाथ मंदिर भारत की सांस्कृतिक चेतना और पुनर्जागरण का प्रतीक : सतपाल जांबा
कैथल, 11 मई 2026: सोमनाथ मंदिर के पुन:निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को ग्यारह रूद्री मंदिर परिसर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में डीसी अपराजिता, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, जिला परिषद चेयरमैन सुरभि गर्ग, पूर्व विधायक लीला राम तथा पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर विशेष रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने शिवालय में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। इस अवसर पर सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पिहोवा से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया गया।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति का महापर्व है। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरा देश यह पर्व मना रहा है, जो 11 जनवरी 2027 तक चलेगा। यह राष्ट्रीय स्मरणोत्सव भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रथम ज्योतिर्लिंग माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार चंद्रदेव ने भगवान भोलेनाथ की कठोर तपस्या कर इस स्थान पर ज्योतिर्लिंग की स्थापना करवाई थी। सोमनाथ मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक भी है। इतिहास में अनेक बार इस मंदिर को आक्रमणकारियों ने ध्वस्त किया, लेकिन हर बार यह और अधिक गौरव के साथ पुनः स्थापित हुआ।
सतपाल जांबा ने कहा कि स्वतंत्र भारत में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रयासों से सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण संभव हुआ। यह घटना भारत की सांस्कृतिक पुनर्स्थापना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों तथा विद्यार्थियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का सुंदर प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमनाथ मंदिर से तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पिहोवा से दिए गए लाइव संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। दोनों नेताओं ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व और भारतीय संस्कृति में उसकी विशेष भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और श्रद्धालुओं ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को भारत की सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय गौरव और आध्यात्मिक विरासत को समर्पित एक प्रेरणादायक आयोजन बताया।









Leave a Reply