योग्य पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति और पुस्तकालय निदेशालय के बिना अटल पुस्तकालय परियोजना अधूरी: हरियाणा पुस्तकालय संघ
हरियाणा, 20 मई: हरियाणा पुस्तकालय संघ ने राज्य सरकार द्वारा शुरू की जा रही “अटल पुस्तकालय परियोजना” का स्वागत करते हुए कहा है कि यह शिक्षा, ज्ञान और पठन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। हालांकि संघ का कहना है कि योग्य एवं प्रशिक्षित पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति और स्वतंत्र पुस्तकालय निदेशालय की स्थापना के बिना यह परियोजना अपने उद्देश्य को पूरी तरह हासिल नहीं कर सकेगी।
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि राज्य सरकार ने “द हरियाणा पब्लिक लाइब्रेरी एक्ट, 1989” लागू किया था, जिसके तहत जिला, नगर, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक सार्वजनिक पुस्तकालय सेवाओं के विस्तार तथा स्टेट लाइब्रेरी डायरेक्टरेट की स्थापना का प्रावधान किया गया था। इसके बावजूद आज तक स्वतंत्र पुस्तकालय निदेशालय की स्थापना नहीं हो सकी है।
हरियाणा पुस्तकालय संघ ने चिंता जताई कि अधिनियम लागू होने के कई दशकों बाद भी प्रदेश में केवल 26 जिला पुस्तकालय और 6 उपमंडल स्तर के पुस्तकालय ही स्थापित हो पाए हैं, जबकि कानून के अनुसार ग्राम स्तर तक पुस्तकालय नेटवर्क विकसित किया जाना था।
संघ के अनुसार वर्ष 1972 के बाद से पुस्तकालयाध्यक्षों की नियमित भर्ती न होने के कारण अधिकांश पुस्तकालय प्रशिक्षित स्टाफ के अभाव से जूझ रहे हैं। कानून में पुस्तकालय कर्मचारियों के लिए अलग कैडर, सेवा नियम और योग्य कर्मचारियों की नियुक्ति का स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद पर्याप्त संख्या में पेशेवर पुस्तकालयाध्यक्ष नियुक्त नहीं किए गए हैं।
हरियाणा पुस्तकालय संघ ने सरकार से मांग की है कि अटल पुस्तकालय परियोजना के साथ-साथ स्वतंत्र पुस्तकालय निदेशालय की स्थापना, योग्य पुस्तकालयाध्यक्षों की नियमित भर्ती और ग्राम स्तर तक पुस्तकालय सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाए।
संघ ने कहा कि केवल भवन और पुस्तकों से पुस्तकालय जीवंत नहीं बनते, बल्कि प्रशिक्षित पुस्तकालयाध्यक्ष ही उन्हें समाज के ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करते हैं। यदि सरकार हरियाणा पब्लिक लाइब्रेरी एक्ट, 1989 की मूल भावना के अनुरूप कार्य करती है, तो प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण पुस्तकालय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
यह बयान हरियाणा पुस्तकालय संघ के अध्यक्ष डॉ. रूपेश गौड़ और महासचिव डॉ. अजय अरोड़ा द्वारा जारी किया गया।


Leave a Reply