योग से मिलता है स्वस्थ शरीर और शांत मन : दर्शना गुप्ता
कैथल। हुड्डा सेक्टर-20 पार्क में चल रहे सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर एवं सर्व रोग निदान शिविर के 12वें दिन का शुभारंभ समाजसेवी एवं पूर्व प्रिंसिपल दर्शना गुप्ता तथा उनके सुपुत्र अनिल गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया और योगाभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
युवा भारत के जिला प्रभारी अनिल गुप्ता एवं शहरी प्रभारी राणा अनिल कुमार आर्य ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग करने की सही विधि तथा उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि दर्शना गुप्ता ने कहा कि योग हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से पाचन तंत्र मजबूत होता है, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा शरीर के अंग लचीले बनते हैं।
उन्होंने कहा कि योग से रक्तचाप और शुगर संतुलित रहते हैं, तनाव एवं अवसाद में कमी आती है, एकाग्रता बढ़ती है और अच्छी नींद प्राप्त होती है। योग मन को शांत और स्थिर बनाकर आत्मा की शुद्धि का मार्ग भी प्रशस्त करता है।
दर्शना गुप्ता ने योग शिविर को समाजहित का महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए पतंजलि योग समिति एवं खाटू श्याम सालासर सेवा समिति के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उपस्थित साधकों से नियमित योग करने तथा अपने परिचितों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की।
भारत स्वाभिमान के प्रभारी एवं शिविर संयोजक राम चरण ने कहा कि योग ऋषि स्वामी रामदेव ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। योग एक वैज्ञानिक, सार्वभौमिक, पंथनिरपेक्ष और सर्वहितकारी विधा है, जिसका लाभ दुनिया भर के करोड़ों लोग उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ नहीं बनाता, बल्कि मन, विचार और चरित्र को भी संतुलित एवं शुद्ध करता है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को सकारात्मक सोच, अनुशासन और सदाचार की ओर प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि दर्शना गुप्ता को समिति की ओर से स्वदेशी उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। शिविर के उपरांत मनोज सिंगला ने गौतम अग्रवाल की ओर से प्रसाद वितरण करवाया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेक्टर-20 पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान भी किया गया।
कार्यक्रम में बदन सिंह आर्य, नरेश पवार, वीरभान कौशिक, प्रेम जांगड़ा, पंकज मित्तल, रामफल, सतपाल गुप्ता, विनोद गर्ग, ओम प्रकाश, महेंद्र, जसवंत, शकुंतला देवी, रमा देवी, कविता सहित सैकड़ों योग साधक उपस्थित रहे।












Leave a Reply