“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

विकसित हरियाणा बनेगा विकसित भारत की मजबूत कड़ी: विधायक सतपाल जांबा


कैथल, 1 जुलाई। कैथल के विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा, विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत विधायक सतपाल जांबा ने 9.31 करोड़ रुपये की लागत से जिला नागरिक अस्पताल, कैथल के नवीनीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिले को दो एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस भी मिलीं, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का फोकस
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें कैथल जिला अस्पताल का नवीनीकरण भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की नीति के तहत योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है।
स्वच्छता और जनभागीदारी पर दिया जोर
सतपाल जांबा ने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को एक विकसित और समृद्ध प्रदेश एवं देश सौंपना हम सभी का साझा दायित्व है।
भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से जारी
पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि जिला नागरिक अस्पताल के नवीनीकरण से स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होगा। उन्होंने बताया कि कैथल-करनाल रोड स्थित सांपनखेड़ी गांव में लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे भविष्य में क्षेत्र के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में डीसी अपराजिता, एडीसी सुशील कुमार, एसडीएम संजय कुमार, सांसद नवीन जिंदल के प्रतिनिधि रविंद्र धीमान, सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राज्य स्तरीय संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *