“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

विधायक सतपाल जांबा बोले- अमृत सरोवर जल संरक्षण और ग्रामीण विकास की मजबूत नींव


कैथल, 1 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला के नारायणगढ़ से प्रदेशभर में विकसित 325 अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया। इस अभियान के तहत कैथल जिले के 9 अमृत सरोवर भी जनता को समर्पित किए गए। पूंडरी, गुहला और कलायत में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विधायक सतपाल जांबा ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के दो अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में सात महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं, इसलिए राज्य सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि कैथल जिले में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से 9 अमृत सरोवरों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया गया है। इन परियोजनाओं से वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, भूजल स्तर में सुधार होगा और गांवों की सुंदरता के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी नई पहचान मिलेगी।
कैथल के इन गांवों में हुआ अमृत सरोवरों का लोकार्पण
लोकार्पित अमृत सरोवरों में ढांड ब्लॉक के बेगपुर, गुहला ब्लॉक के चानचक और हेमू माजरा, कलायत ब्लॉक के बालू, मटौर (बाजीगर सरोवर एवं मार्कण्डेश्वर तीर्थ), पूंडरी ब्लॉक के फतेहपुर तथा राजौंद ब्लॉक के गुलियाना और सौंगल गांव शामिल हैं।
विधायक ने कहा कि अमृत सरोवर केवल जलाशय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास का मजबूत आधार हैं। इन परियोजनाओं से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ गांवों के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन अशोक सिरसी, जिला परिषद चेयरमैन कर्मवीर कौल, जांबा गांव के सरपंच लाभ सिंह, जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, पंचायत कार्यकारी अभियंता अंकुर गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *