



पूंडरी, 2 जुलाई। विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबी जी राम जी योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित बनाने का राष्ट्रीय मिशन है। उन्होंने बताया कि पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के 23,976 परिवार इस योजना के तहत पंजीकृत हो चुके हैं।
बीडीपीओ कार्यालय पूंडरी में आयोजित जिला स्तरीय जन सम्मेलन एवं शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना ग्रामीण भारत के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संसद से पारित यह अधिनियम 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो चुका है।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को 125 दिनों का सम्मानजनक रोजगार, बेहतर आजीविका के अवसर और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है।
विधायक जांबा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने मनरेगा के तहत श्रमिकों की 409 रुपये प्रतिदिन मजदूरी निर्धारित की है, जो देश के अधिकांश राज्यों से अधिक है। इससे श्रमिकों की आय बढ़ाने और उनके श्रम का सम्मान सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।
उन्होंने श्रमिकों से जल्द ई-केवाईसी पूरा कराने और पात्र ग्रामीणों से शीघ्र पंजीकरण करवाने की अपील की। साथ ही ग्राम पंचायतों, सरपंचों और अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र परिवार या 18 वर्ष से अधिक आयु का इच्छुक श्रमिक योजना से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल ने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी से इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, एआईपीआरओ अमित कौशिक, एबीपीओ सुरेश कुमार, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र बाकल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags: VBG Ram Ji Yojana, Satpal Jamba, Poondri News, Kaithal News, Haryana News, Rural Employment Scheme, MGNREGA Haryana, Haryana Government Scheme, Village Development, रोजगार योजना

Leave a Reply