“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

टयोंठा में सुना गया प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम, विधायक सतपाल जाम्बा ने बताया प्रेरणा का स्रोत

टयोंठा में सुना गया प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम, विधायक सतपाल जाम्बा ने बताया प्रेरणा का स्रोत

📍 पूंडरी | 🗓️ 31 मई 2026

पूंडरी: पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टयोंठा स्थित बूथ संख्या 96 पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर विधायक सतपाल जाम्बा ने कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ कार्यक्रम को सुना और प्रधानमंत्री के संदेशों को जनहित में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण, भीषण गर्मी से बचाव, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उनके संदेशों ने उपस्थित लोगों को समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।

विधायक सतपाल जाम्बा ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और लोगों को जागरूक करने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उठाए जाने वाले विषय सीधे आमजन के जीवन से जुड़े होते हैं और लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए वर्षा जल संचयन, जल के सदुपयोग और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

जाम्बा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा और प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *