“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

सजूमा में दूषित पेयजल का कहर: 70 से अधिक बच्चे बीमार, 11 वर्षीय बच्ची की मौत; विधायक आदित्य सुरजेवाला ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

कैथल, 11 जुलाई 2026। कैथल विधानसभा क्षेत्र के सजूमा गांव में दूषित पेयजल से फैले संक्रमण ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, पिछले 15 दिनों में गांव के 70 से अधिक बच्चे हेपेटाइटिस-ए और अन्य गंभीर संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। वहीं 11 वर्षीय बालिका रितिका की पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलने पर कैथल के विधायक आदित्य सुरजेवाला शनिवार को सजूमा गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर बीमार बच्चों का हालचाल जाना तथा दिवंगत बालिका रितिका के परिजनों को सांत्वना दी।

प्रेस नोट के अनुसार, विधायक आदित्य सुरजेवाला ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार लोगों को स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं करा सकती तो उसे अपनी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दूषित पानी के कारण बच्चों का बीमार होना अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

विधायक ने सरकार से मांग की कि दिवंगत बच्ची के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए, सभी प्रभावित बच्चों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और गांव में स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था की जाए।

प्रभावित परिवारों ने आरोप लगाया कि गांव की पेयजल पाइपलाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, जिसके कारण नालियों का गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे संक्रमण तेजी से फैल गया।

विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि वह इस पूरे मामले को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाएंगे ताकि प्रभावित परिवारों को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप चहल दिल्लोंवाली, पूर्व सरपंच हिप्पा, पूर्व सरपंच जसवंत सिंह, बलवान सजूमा, महावीर सैन, महावीर सैनी, गोपाल कश्यप, रमेश, हरपाल, अजय, सतीश चहल, शमशेर सिंह, रामदिया सैनी, प्रदीप, गजे सिंह कश्यप सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

(नोट: यह समाचार कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला द्वारा जारी प्रेस नोट पर आधारित है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *