शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा के साथ शैक्षिक महासंघ की मांगों पर हुई विस्तृत वार्ता
चंडीगढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने 9 जून 2026 को हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा के साथ शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। यह बैठक लगभग एक घंटा दस मिनट तक चली, जिसमें शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की शुरुआत में शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री को संगठन का टेबल कैलेंडर, पुस्तक और पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद शिक्षकों की विभिन्न मांगों को विस्तार से रखा गया।
महासंघ ने राजकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में सातवें वेतन आयोग के अनुसार मकान किराया भत्ता, चिकित्सा भत्ता, आकस्मिक अवकाश की व्यवस्था में समानता, ग्रेच्युटी, समय पर वेतन भुगतान तथा अर्जित अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
इसके अलावा तकनीकी विश्वविद्यालयों के शिक्षकों की पदोन्नति के लिए वर्ष 2010 की करियर एडवांसमेंट स्कीम के प्रावधानों को यूजीसी अधिसूचना के अनुरूप 31 दिसंबर 2023 तक लागू करने, ओरिएंटेशन एवं रिफ्रेशर कोर्स की छूट बढ़ाने तथा वर्ष 2018 की करियर एडवांसमेंट स्कीम को 1 जुलाई 2023 के बाद नियुक्त शिक्षकों पर लागू करने का विषय भी प्रमुखता से रखा गया।
बैठक में ग्रामीण सेवा की शर्त के कारण लंबित पदोन्नतियों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के एक समान क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा विभाग में तीन वर्ष से अधिक डेपुटेशन न रखने, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने तथा एक्सटेंशन टीचर्स को जॉब सिक्योरिटी एक्ट में शामिल करने की मांगों पर भी चर्चा हुई।
महासंघ ने राजकीय महाविद्यालयों में लंबित पदोन्नतियों तथा प्राचार्यों की सीधी भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग भी रखी।
शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की मांगों के संबंध में विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे और उचित मामलों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग में सुधार और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए संगठन से समय-समय पर सुझाव देने का भी आग्रह किया।
बैठक में महासंघ के प्रांत अध्यक्ष डॉ. पुष्प दीप डागर, महामंत्री प्रो. सतीश कुमार सैनी, विश्वविद्यालय संयोजक प्रो. युद्धवीर सिंह तथा दीनबंधु छोटूराम विश्वविद्यालय, मुरथल के अध्यक्ष डॉ. सुखदीप सिंह उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने बैठक के सफल आयोजन और शिक्षकों की समस्याओं पर सकारात्मक चर्चा के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय तथा शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया।


Leave a Reply