समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना : एसडीएम संजय कुमार
कैथल में आयोजित समाधान शिविर में सुनी गई जन शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कैथल। एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उसका समाधान किया जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एसडीएम संजय कुमार वीरवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। इस दौरान डीएसपी रोहताश, डीडीपीओ रितु लाठर सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
मौके पर समाधान के लिए किया जा रहा प्रयास
एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से बिजली, पेयजल, परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व तथा नगर निकायों से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे आमजन को राहत मिल रही है और शिकायतों का समयबद्ध निपटारा संभव हो रहा है।
एटीआर समय पर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि शिकायतकर्ता को समय पर न्याय और संतुष्टि मिल सके।
वकील के खिलाफ शिकायत की जांच के आदेश
गांव नीमवाला निवासी भारत ने एक वकील के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री के बाद इंतकाल करवाने के लिए दो बार पैसे लेने के बावजूद उसका इंतकाल नहीं करवाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने जिला राजस्व अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना मामले में जांच के निर्देश
इंदिरा कॉलोनी (पूंडरी) निवासी भीम सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न मिलने की शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि तकनीकी त्रुटि के कारण उनका पता गलत दर्ज हो गया, जिससे उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया। एसडीएम ने मामले को नगर पालिका पूंडरी को भेजते हुए पात्रता की पुनः जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग व्यक्ति ने आर्थिक सहायता की मांग उठाई
गांव छौत निवासी दिव्यांग तेजभान ने स्कूटर खरीदने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की। इस पर एसडीएम ने आवेदन को रेड क्रॉस सोसायटी कैथल के सचिव को भेजते हुए नियमानुसार सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
40 वर्ष पुराने मकान के इंतकाल मामले पर कार्रवाई
गोबिंद कॉलोनी निवासी संदीप मलिक ने लगभग 40 वर्ष पुराने मकान का इंतकाल लंबित होने की शिकायत दर्ज करवाई। एसडीएम ने इस मामले को जिला राजस्व अधिकारी एवं तहसीलदार कैथल को भेजते हुए नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविरों में पहुंचने की अपील
एसडीएम संजय कुमार ने आमजन से अपील की कि वे सरकार द्वारा प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित किए जाने वाले समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी जायज समस्याओं का समाधान करवाएं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।





Leave a Reply