कैथल, 6 जुलाई। राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह उत्सव के अवसर पर कैथल सहकारी चीनी मिल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार के नेतृत्व में लगभग 100 पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में वृक्षों की अधिकता के कारण प्राकृतिक संतुलन बना रहता था, ऋतुएं समय पर आती थीं और वातावरण जीवन के अनुकूल रहता था। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पेड़ केवल ऑक्सीजन प्रदान कर कार्बन डाइऑक्साइड का अवशोषण ही नहीं करते, बल्कि तापमान को नियंत्रित रखने, जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संतुलन कायम रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वयं पौधे लगाने और दूसरों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर गन्ना प्रबंधक रामपाल सिंह तंवर, गन्ना विकास निरीक्षक सूर्यप्रकाश, कर्मचारी निदेशक शमशेर सिंह, सभी गन्ना कामदार तथा किसान प्रतिनिधियों में मियां सिंह (सरपंच), होशियार सिंह, सारजैन्ट सिंह, जोगिंदर सिंह और निशान सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Leave a Reply