
कैथल। आर.के.एस.डी. (पी.जी.) महाविद्यालय, कैथल ने विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं भविष्य उन्मुख शिक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तीन प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप किए गए इन समझौतों के माध्यम से विद्यार्थियों को कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण, औद्योगिक अनुभव, सामाजिक सेवा और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, भारत केयर्स बाय एसएमईसी ट्रस्ट (सीएसआरबॉक्स फाउंडेशन) के साथ हुए समझौते के तहत विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा, डेटा एनालिटिक्स और अन्य उभरती तकनीकों में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रमाणित ऑनलाइन कोर्स, कार्यशालाएं, नवाचार प्रतियोगिताएं और व्यवहारिक शिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्र आधुनिक तकनीकी दक्षताओं से लैस हो सकें।
इसके अलावा इंटरनविद्या प्राइवेट लिमिटेड (ग्रामीण शिक्षा प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से) के साथ हुए समझौते के तहत विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, व्यवहारिक परियोजनाओं पर कार्य करने के अवसर, व्यक्तित्व विकास और रोजगारपरक कौशल विकसित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल छात्रों को शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी कम करने में मदद करेगी।
वहीं, नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर (कैथल शाखा – दया गुप्ता मानव मंदिर) के साथ हुए एमओयू के अंतर्गत फिजियोथेरेपी सेवाएं, कंप्यूटर प्रशिक्षण, मोबाइल रिपेयरिंग कोर्स, सिलाई प्रशिक्षण, कृत्रिम अंग वितरण, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास शिविर तथा विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम निःशुल्क संचालित किए जाएंगे। इस सहयोग से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
महाविद्यालय के प्रधान अश्विनी शोरेवाला ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक कौशल और आधुनिक तकनीकी दक्षता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
पूर्व प्रधान साकेत मंगल और महासचिव पंकज बंसल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्रों को कौशल विकास और करियर निर्माण के नए अवसर मिलेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन समझौतों के माध्यम से छात्रों को उद्योग जगत, सामाजिक संस्थाओं और विशेषज्ञों के साथ कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास, व्यावहारिक ज्ञान और रोजगार क्षमता और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर गवर्निंग बॉडी के सदस्य, सायंकालीन सत्र के प्रभारी प्राचार्य डॉ. हरिंदर गुप्ता, इंटर्नशिप सेल के समन्वयक डॉ. विशाल आनंद, डॉ. एस.पी. वर्मा, डॉ. नरेश कुमार तथा डॉ. नरेश गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
SEO Keywords: RKSD College Kaithal, RKSD College MOU, Kaithal News, Skill Development Program, AI Training Kaithal, Cyber Security Training, Data Analytics Course, Internship Opportunities, Narayan Seva Sansthan Kaithal, Employment Oriented Education

Leave a Reply