“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य व राष्ट्र की समृद्धि के लिए पुण्डरीक तीर्थ पर हुआ विशेष हवन-यज्ञ

प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य व राष्ट्र की समृद्धि के लिए पुण्डरीक तीर्थ पर हुआ विशेष हवन-यज्ञ

पूंडरी। पवित्र पुण्डरीक तीर्थ पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्र की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष हवन-यज्ञ एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूंडरी विधायक सतपाल जाम्बा ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ हवन में आहुति अर्पित कर देश की खुशहाली और विकास के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने पर विशेष चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा वैश्विक स्तर पर बढ़ती भारत की प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

विधायक सतपाल जाम्बा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की जनसेवा यात्रा देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली प्रेरणादायक गाथा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब कल्याण, किसानों के उत्थान, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान और देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारत को नई दिशा प्रदान की है। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।

विधायक जाम्बा ने कहा कि पुण्डरीक तीर्थ पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की निरंतर उन्नति के लिए प्रार्थना की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत का संकल्प देश को आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। हवन-यज्ञ के दौरान धार्मिक आस्था, राष्ट्रभक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *