“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: कैथल में पात्र परिवारों को मिलेगा 1.10 लाख रुपये तक का अनुदान, DC अपराजिता ने दी जानकारी

कैथल, 4 जुलाई। जिला उपायुक्त अपराजिता ने नागरिकों से केंद्र सरकार की PM सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह योजना लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने, बिजली बिल में बचत करने और अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करती है।

डीसी अपराजिता ने बताया कि अंत्योदय परिवार, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है और जिनकी सालाना बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, वे 2 किलोवाट तक का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाने पर भारत सरकार से 60 हजार रुपये तथा हरियाणा सरकार से 50 हजार रुपये, यानी कुल 1.10 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिन परिवारों की वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक है और बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें 2 किलोवाट सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपये और हरियाणा सरकार से 20 हजार रुपये, यानी कुल 80 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी। वहीं 3 किलोवाट तक का सोलर सिस्टम लगाने पर भारत सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।

डीसी ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की सब्सिडी सभी आय वर्गों के पात्र नागरिकों के लिए उपलब्ध है। यानी केंद्र सरकार की सहायता प्राप्त करने के लिए आय संबंधी कोई शर्त लागू नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सोलर सिस्टम लगाने से उपभोक्ताओं का बिजली बिल लगभग शून्य हो सकता है। यदि सोलर पैनल से जरूरत से अधिक बिजली का उत्पादन होता है तो अतिरिक्त बिजली बिजली निगम के ग्रिड में जाएगी, जिसे सरकार खरीदेगी और उसका भुगतान सीधे उपभोक्ता को किया जाएगा। इससे लोगों को नियमित अतिरिक्त आय का भी लाभ मिलेगा।

डीसी अपराजिता ने कहा कि PM सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल बिजली पर होने वाला खर्च कम होगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पात्र नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाकर अपनी ऊर्जा जरूरतों को सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरा करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *