
कैथल, 23 जून। कैथल पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 11 वर्षीय गुमशुदा बालक को 9 दिन की कड़ी मेहनत के बाद हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया। एंटी नारकोटिक सेल, सीआईए-1 और मिसिंग सेल की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से बालक के परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि करनाल रोड, कैथल निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका 11 वर्षीय बेटा 12 जून को सुबह करीब 11:30 बजे घर से सुभाष नगर स्थित दुकान पर राशन लेने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला।
शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन कैथल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार सीआईए-1, एंटी नारकोटिक सेल और मिसिंग सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने बालक की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया। जांच के दौरान सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और संभावित ठिकानों पर गहन जांच की गई। साथ ही बालक के संभावित आवागमन मार्गों का भी विस्तृत विश्लेषण किया गया।
लगातार 9 दिनों तक दिन-रात की गई मेहनत के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर टीम हरिद्वार पहुंची। वहां हर की पौड़ी क्षेत्र में तलाश अभियान चलाकर गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए कैथल पुलिस की सराहना की।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने आमजन से अपील की कि यदि किसी बच्चे के गुम होने या संदिग्ध परिस्थितियों में किसी बच्चे के मिलने की जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, डायल-112 या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Keywords: Kaithal Police, Operation Smile, Missing Child Found, Haridwar Missing Boy, Kaithal News, Haryana Police, Child Rescue Operation, DSP Sushil Prakash, Kaithal Latest News, Operation Smile Haryana


Leave a Reply