सीवन/गुहला चीका, 5 अगस्त। किसानों को वैज्ञानिक अन्न भंडारण तकनीकों से जोड़ने और फसल की गुणवत्ता सुरक्षित रखते हुए बेहतर आय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रामा आश्रम, सीवन में सांसद नवीन जिंदल की पहल पर ‘नवीन कृषि संकल्प – अन्न भंडारण जागरूकता सत्र’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवीन जिंदल फाउंडेशन, सेंट्रल वेयरहाउस कॉरपोरेशन (सीडब्ल्यूसी) तथा कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक भंडारण तकनीकों और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।




कार्यक्रम में पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन शमशेर सैनी, संजय सैनी, निशा मंगल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और किसानों ने भाग लिया। सांसद कार्यालय कैथल के प्रभारी रविंदर धीमान और हल्का प्रभारी कर्मवीर सिसोदिया ने अतिथियों का स्वागत किया।
पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी ने कहा कि भारत का किसान उत्पादन के मामले में सक्षम है, लेकिन फसल का सुरक्षित और वैज्ञानिक भंडारण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिंदल द्वारा शुरू किया गया ‘नवीन कृषि संकल्प’ अभियान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक अन्न भंडारण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे अनाज की बर्बादी रुकेगी, गुणवत्ता बनी रहेगी और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
मार्केट कमेटी के चेयरमैन शमशेर सैनी ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे उत्पादन लागत कम होगी, आय में वृद्धि होगी और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहीं संजय सैनी ने कहा कि सांसद नवीन जिंदल किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर ईशान पांडे ने बताया कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों में 23 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और कई ग्राम पंचायतों ने अपने गांवों में वेयरहाउस स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की इच्छा जताई है।
नवीन जिंदल फाउंडेशन के आवेश कुमार ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा कृषि पर आधारित है और किसान की समृद्धि देश की प्रगति के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से किसानों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उन्हें आधुनिक कृषि और भंडारण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान सांसद कार्यालय की ओर से डॉ. बलिंद्र सिंह के नेतृत्व में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से किसानों को स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं।
सेंट्रल वेयरहाउस कॉरपोरेशन के सीनियर मैनेजर विंध्य गौरव ने किसानों को वैज्ञानिक वेयरहाउस प्रणाली, भंडारण प्रक्रिया तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायतें निगम को लीज पर जमीन देकर वेयरहाउस स्थापित करवा सकती हैं। इसके बदले पंचायतों को प्रतिवर्ष आय प्राप्त होगी, जिसे गांव के विकास कार्यों पर खर्च किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में नवीन कृषि संकल्प अभियान का प्रचार-प्रसार करने के लिए पोस्टर जारी किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, पंचायत प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
SEO Meta Title
सीवन में नवीन कृषि संकल्प कार्यक्रम: वैज्ञानिक अन्न भंडारण से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
SEO Meta Description
सीवन के रामा आश्रम में नवीन कृषि संकल्प अन्न भंडारण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कृषि विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक भंडारण, वेयरहाउस योजना, प्राकृतिक खेती और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी।

Leave a Reply