“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

नवीन कृषि संकल्प अभियान: कैथल के गांवों में वैज्ञानिक अन्न भंडारण को मिलेगा बढ़ावा, किसानों को आधुनिक तकनीकों की दी जा रही जानकारी

कैथल, 25 जुलाई। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में संचालित ‘नवीन कृषि संकल्प अभियान’ के तहत कैथल जिले के किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक अन्न भंडारण प्रणाली से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। अभियान के अंतर्गत केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) के अधिकारियों, कृषि विशेषज्ञों तथा नवीन जिन्दल फाउंडेशन की टीम द्वारा जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर आधुनिक अन्न भंडारण व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थानों का सर्वे किया जा रहा है।

दौरे के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों से संवाद कर मौजूदा अन्न भंडारण व्यवस्था का आकलन किया और गांवों में आधुनिक एवं वैज्ञानिक भंडारण सुविधाओं की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। किसानों को सुरक्षित भंडारण तकनीकों, फसल संरक्षण के वैज्ञानिक उपायों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि वे आधुनिक भंडारण तकनीकों को अपनाकर अपनी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रखें और उचित समय पर बाजार में बेचकर बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त करें। इससे फसल की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

नवीन जिन्दल फाउंडेशन के कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उन्हें वैज्ञानिक भंडारण, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन व्यवस्था से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि नवीन कृषि संकल्प अभियान के माध्यम से कृषि विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर एवं समृद्ध कृषि की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह अभियान भविष्य में भी संसदीय क्षेत्र के अन्य ब्लॉकों में लगातार चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों, वैज्ञानिक अन्न भंडारण प्रणाली और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *