निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें नवनियुक्त पटवारी : डीसी अपराजिता
कैथल: उपायुक्त अपराजिता ने नवनियुक्त पटवारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में कार्यरत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कार्य करें।
डीसी लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित नवनियुक्त पटवारियों की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग में कुल 77 नए पटवारी शामिल हुए हैं। सभी नवनियुक्त पटवारियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि वे विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। एग्री स्टैक, ततीमा अपडेटेशन तथा जमाबंदी से संबंधित कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा और दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीसी ने बताया कि आगामी शनिवार और रविवार को इंतकाल से संबंधित विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सभी पटवारी सक्रिय भूमिका निभाते हुए पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निपटान हो सके।
उन्होंने कहा कि नवनियुक्त पटवारी प्रशिक्षण के दौरान इन कार्यों का अनुभव प्राप्त कर चुके हैं। फिलहाल उन्हें अस्थायी तौर पर विभिन्न तहसीलों में नियुक्त किया गया है, इसलिए वे तेजी, दक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए लोगों का विश्वास मजबूत करें।
बैठक में कैथल एसडीएम संजय कुमार सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply