कैथल, 21 जुलाई। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत 26 जुलाई को गुहला-चीका में अंत्योदय परिवार उत्थान मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालय, गुहला में लगेगा, जहां पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।

मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए गुहला-चीका के एसडीएम मनीष कुमार यादव ने सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने और पात्र परिवारों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें मेले में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए।
कॉलिंग टीमें करेंगी लाभार्थियों से संपर्क
एसडीएम मनीष यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग से एक कर्मचारी को कॉलिंग टीम में शामिल किया जाए। ये टीमें पात्र परिवारों को मेले की तिथि, स्थान, आवश्यक दस्तावेज और उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगी।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
मेले में कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, कौशल विकास, श्रम विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी और मौके पर ही आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
इसके अलावा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जो स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों को ऋण प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता करेंगे।
सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश
एसडीएम ने कहा कि मेले का उद्देश्य अंत्योदय परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रचार सामग्री व आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर मेले में पहुंचें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना से जुड़े दिशा-निर्देश और मोबाइल एप की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमितेंद्र श्योकंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags:
मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला, गुहला-चीका, कैथल समाचार, हरियाणा सरकार, सरकारी योजनाएं, अंत्योदय परिवार, स्वरोजगार योजना, समाज कल्याण विभाग, मनीष यादव, Kaithal News

Leave a Reply