“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

मानसून तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा, असीम गोयल ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

मानसून तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा, असीम गोयल ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

अंबाला। मानसून सीजन के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल नन्यौला ने गुरुवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों और विकास परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया गया।

बैठक में पहुंचने पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त वीरेन्द्र सहरावत, अतिरिक्त उपायुक्त विराट, अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त दीपक सूरा तथा विधानसभा संयोजक रितेश गोयल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

असीम गोयल ने नगर निगम, सिंचाई विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत नई और लंबित विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना के क्रियान्वयन में तकनीकी या प्रशासनिक स्तर पर कोई बाधा आती है तो उसे तुरंत जिला प्रशासन और उनके संज्ञान में लाया जाए, ताकि बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को शीघ्र पूरा किया जा सके।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। साथ ही यदि किसी एजेंसी या ठेकेदार द्वारा अनावश्यक देरी की जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए असीम गोयल ने हरियाणा सरकार द्वारा कक्षा आठवीं के इतिहास पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं और बाबा बंदा सिंह बहादुर के जीवन, संघर्ष एवं बलिदान को शामिल किए जाने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपना वादा पूरा किया है और यह कदम नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में वीएलडी कॉलेज, राजकीय कॉलेज बलदेवनगर, नागरिक अस्पताल अंबाला शहर के विस्तार, कैनाल ड्रोन पैचिंग कार्य, वातानुकूलित बारात घर जंडौत रोड, केंद्रीय कारागार के स्थानांतरण, नग्गल पीएचसी विस्तार, डॉक्टरों के आवास, एनएच-65 परियोजनाओं, सिंथेटिक ट्रैक, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, फायर स्टेशन, नगर निगम कार्यालय तथा मल्टी लेवल पार्किंग सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मानसून तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए असीम गोयल ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि जलभराव की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पंप तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी उनके विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

इस अवसर पर एसडीएम दर्शन कुमार, जिला परिषद के सीईओ गगनदीप, अधीक्षक अभियंता भूपेन्द्र सिंह, मुनीष कुमार, डीआरओ राजेश ख्यालिया, कार्यकारी अभियंता रितेश गोयल, कर्णवीर, संदीप कुमार, सुमित मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मानसून से पहले प्रशासनिक तैयारियों और विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर आयोजित यह समीक्षा बैठक अंबाला में बुनियादी सुविधाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *