कैथल, 23 जुलाई। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शनी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सेवा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र महिला तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचे।
गुरुवार को कैथल पहुंचीं चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शनी ने सबसे पहले लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में डीसी अपराजिता और पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले में महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों, गठित समितियों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पॉक्सो एक्ट से संबंधित समितियों के गठन और उनके सदस्यों के नियमित प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया, ताकि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों का प्रभावी ढंग से समाधान हो सके।
इसके बाद चेयरपर्सन ने नागरिक अस्पताल, कैथल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गायनी वार्ड का दौरा कर उपचार के लिए आई महिलाओं से बातचीत की और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। वार्ड में महिलाओं की अधिक संख्या देखकर उन्होंने चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त की, जिस पर बताया गया कि अस्पताल में महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन ने सीएमओ और पीएमओ को निर्देश दिए कि गर्मी को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त पंखों की व्यवस्था की जाए और मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने महिला शौचालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई, साबुन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उषा प्रियदर्शनी ने आयुष विभाग, महिला क्लीनिक और प्रसूति कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि किसी भी महिला मरीज को इलाज के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक समय पर पहुंचे।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला ने नागरिक अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई छोटी-मोटी कमियों को शीघ्र दूर कर लिया जाएगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शनी ने कहा कि नागरिक अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं। उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिन कमियों की पहचान हुई है, उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
SEO Tags: Kaithal News, Haryana Mahila Aayog, Usha Priyadarshini, Kaithal Civil Hospital, Women Safety, POCSO Committee, DC Aparajita, SP Manpreet Singh, Haryana News, Kaithal Latest News


Leave a Reply