महंगाई के खिलाफ इनेलो का महाविरोध प्रदर्शन, कैथल में फोड़े गए मटके
कैथल: पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) द्वारा सोमवार को कैथल में विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, किसान, मजदूर, महिलाएं और युवा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनेलो जिलाध्यक्ष अनिल तंवर क्योड़क ने की।
जवाहर पार्क से शुरू हुआ विरोध मार्च शहर की प्रमुख सड़कों से होता हुआ पिहोवा चौक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने महंगाई के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से मटके फोड़े और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद लघु सचिवालय तक रोष मार्च निकालकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रामपाल माजरा ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस, बिजली, खाद और बीजों की बढ़ती कीमतों ने आम जनता, किसानों और मजदूरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है और आम लोगों का मासिक बजट पूरी तरह प्रभावित हो चुका है।
इनेलो जिलाध्यक्ष अनिल तंवर ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने हर वर्ग को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा विषय है। यदि सरकार ने समय रहते राहत नहीं दी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने किसानों पर बढ़ती डीजल कीमतों के प्रभाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी गैस की कीमतों में कमी करने, पेट्रोलियम उत्पादों पर करों में राहत देने तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस अवसर पर एडवोकेट शशिभूषण वालिया, एडवोकेट संजीव माजरा, रामप्रकाश गोगी, सतीश गर्ग, प्रवीण चौधरी, सीता रानी, मोनी बालू, बलकार बल्लू, इंद्र पाई, देवेंद्र पुजारी, सोनू वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












Leave a Reply