“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

केंद्र सरकार के 12 वर्ष: विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई इबारत, बोले विधायक सतपाल जाम्बा

केंद्र सरकार के 12 वर्ष: विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई इबारत, बोले विधायक सतपाल जाम्बा

कैथल। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूंडरी विधायक सतपाल जाम्बा ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।

विधायक ने कहा कि यह 12 वर्षों की यात्रा केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि करोड़ों किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की कहानी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, वन रैंक-वन पेंशन लागू करने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।

किसानों के लिए लाभकारी साबित हुई योजनाएं

सतपाल जाम्बा ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से लाखों किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बजट में भी लगातार वृद्धि की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कैथल जिले के 17,337 किसानों को 124 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम दिया गया है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं के दौरान किसानों को आर्थिक संबल मिला है।

स्वास्थ्य सुविधाओं में हुआ विस्तार

विधायक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। कैथल जिले में अब तक 6.63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि गांव सांपन खेड़ी में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

सड़क और आधारभूत ढांचे को मिली नई गति

सतपाल जाम्बा ने कहा कि 152-डी एक्सप्रेसवे, जम्मू-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग और कैथल-करनाल फोरलेन जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है। बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण व्यापार, परिवहन और विकास गतिविधियों को नई गति मिली है।

ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ा आत्मनिर्भरता का दायरा

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कैथल जिले में अब तक 6,382 सोलर कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। साथ ही पिछले 12 वर्षों में जिले में 26 नए 33 केवी बिजली घरों का निर्माण किया गया है, जिन पर 104 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च हुई है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की ‘म्हारा गांव-जगमग गांव’ योजना के माध्यम से अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरा हुआ पक्के घर का सपना

विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में हजारों पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में लाभार्थियों को किस्तें जारी कर पक्के मकान उपलब्ध करवाए गए हैं।

महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा

सतपाल जाम्बा ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और राष्ट्रीय आजीविका मिशन जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कैथल जिले में 68,715 परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे महिलाओं को धुएं से राहत मिली है और उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

विकसित भारत के निर्माण का आह्वान

विधायक ने कहा कि पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियां यह सिद्ध करती हैं कि जब नेतृत्व दूरदर्शी हो और लक्ष्य जनकल्याण हो, तो विकास समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है। उन्होंने नागरिकों से विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी, नगर पालिका उपप्रधान राम प्रसाद, ओमप्रकाश, सहायक राहुल शर्मा, मीडिया प्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *