कैथल, 3 अगस्त। हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत कैथल में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आयोजित समाधान शिविर नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सोलर पंप क्षतिग्रस्त होने की शिकायत
समाधान शिविर के दौरान सेक्टर-20 निवासी दिलशेर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि गांव कोटड़ा स्थित उनके खेत में लगा 10 किलोवाट क्षमता का सोलर पंप तेज तूफान और बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनलों की कई प्लेटें टूट गई हैं और संबंधित कंपनी को शिकायत देने के बावजूद अभी तक मरम्मत नहीं की गई। इस मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया।
अव्यवस्थित पार्किंग से लोगों को परेशानी
अंबाला रोड निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत करते हुए बताया कि पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित गली में मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण रास्ता बाधित रहता है। इससे स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
धमकी और पारिवारिक विवाद की शिकायतें भी पहुंचीं
गांव काकौत निवासी रामनिवास ने आरोप लगाया कि गांव का एक व्यक्ति उनके साथ गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। वहीं खुराना रोड निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उनका पुत्र और पुत्रवधू उनके साथ मारपीट करते हैं, उन्हें घर से निकाल चुके हैं और लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
एसडीएम संजय कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समाधान शिविर के दौरान सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Keywords: कैथल समाधान शिविर, एसडीएम संजय कुमार, कैथल समाचार, जन शिकायत, हरियाणा सरकार, नायब सिंह सैनी, समाधान शिविर कैथल, Kaithal News, Public Grievance Haryana.



Leave a Reply