
सहकारिता सप्ताह: किसानों को कृषि ऋण, फसल ऋण और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कैथल, 1 जुलाई। सहकारिता सप्ताह के तहत कैथल सहकारी चीनी मिल और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गांव क्योड़क में सहकारिता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों और ग्रामीणों को सहकारी संस्थाओं, कृषि योजनाओं, फसल ऋण, बचत योजनाओं तथा अन्य सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था।
कैथल सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने किसानों से सहकारी संस्थाओं से जुड़कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि चीनी मिल द्वारा गन्ना किसानों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे सैकड़ों किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के गन्ना विकास अधिकारी सुशील कुमार और दिनेश कुमार ने किसानों को सहकारी समितियों की भूमिका, कृषि ऋण, फसल ऋण, बचत योजनाओं और किसान हितैषी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
ग्रामीणों ने सहकारिता चौपाल को किसानों में जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण विकास को गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में गन्ना विपणन अधिकारी रामपाल तंवर, गन्ना विकास निरीक्षक सूर्यप्रकाश, राजबीर सिंह, किसान कुलदीप सिंह, विरमपाल, सेठपाल, श्यामलाल, राजेश, अमित कुमार, नकुल, शमशेर सहित बड़ी संख्या में किसान और चीनी मिल के गन्ना विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply