कैथल, 29 जुलाई। जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना राजौंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 130 लीटर लाहण और 25 बोतल हथकढ़ी शराब सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना राजौंद के एचसी विकास कुमार और सिपाही पलविंद्र सिंह की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गढ़ी मोहल्ला, राजौंद निवासी सतीश अपने पशु बाड़े में अवैध शराब तैयार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी को एक प्लास्टिक ड्रम में लाहण तैयार करते हुए काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 130 लीटर लाहण तथा एक प्लास्टिक कैनी में रखी 25 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।
Keywords: Kaithal News, Rajound Police, Illegal Liquor, Haryana Police, हथकढ़ी शराब, 130 लीटर लाहण, राजौंद समाचार.


Leave a Reply