कैथल, 9 अगस्त 2026। पीओ/बेलजंपरों की धरपकड़ के लिए कैथल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीओ पकड़ो स्टाफ को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने वर्ष 2015 के धोखाधड़ी मामले में अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए गए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों में कातिलाना हमला, धोखाधड़ी, डकैती, आर्म्स एक्ट, ट्रांसफार्मर चोरी और स्नैचिंग सहित करीब 13 मामले दर्ज हैं।
2015 के धोखाधड़ी मामले में हुआ था पीओ घोषित
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर पीओ/बेलजंपरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पीओ पकड़ो स्टाफ प्रभारी एसआई ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआई राजकुमार की टीम ने आरोपी अशोक पुत्र जयपाल निवासी गांव सच्चा खेड़ा, जिला जींद को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 में थाना राजौंद में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी ने न्यायालय से जमानत हासिल करने के बाद निर्धारित समय पर अदालत में हाजिरी नहीं दी। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी को 15 दिसंबर 2025 को पीओ (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।
तीन जिलों में दर्ज हैं करीब 13 आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अशोक के खिलाफ जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों में करीब 13 मामले दर्ज हैं। इनमें कातिलाना हमला, धोखाधड़ी, डकैती, आर्म्स एक्ट, ट्रांसफार्मर चोरी और स्नैचिंग जैसे विभिन्न आपराधिक मामले शामिल हैं।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पीओ पकड़ो स्टाफ द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी अशोक को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
फोटो कैप्शन: पीओ पकड़ो स्टाफ द्वारा गिरफ्तार किया गया भगोड़ा आरोपी।


Leave a Reply