“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 करोड़ के 1928 किलो डोडा पोस्त के साथ अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

कैथल, 13 जुलाई। हरियाणा के कैथल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने दिल्ली-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक ट्रक और उसकी एस्कॉर्ट कर रही क्रेटा कार से कुल 95 कट्टों में 1928.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल के निर्देश, आईजी करनाल रेंज अशोक कुमार के मार्गदर्शन तथा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त हो जिला अभियान’ के तहत की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर हाईवे पर की गई नाकाबंदी

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई तरसेम सिंह की टीम गांव सिणद क्षेत्र में दिल्ली-कटरा हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से एक सफेद क्रेटा कार और उसके पीछे एक ट्रक पंजाब की ओर जा रहे हैं। सूचना के अनुसार ट्रक में ऊपर लोहे का स्क्रैप और उसके नीचे भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर ले जाया जा रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। क्रेटा चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों वाहनों को घेरकर कब्जे में ले लिया।

ट्रक के गुप्त हिस्से से मिला भारी मात्रा में डोडा पोस्त

तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिग्गी से 5 कट्टों में 101 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। वहीं ट्रक के केबिन के पीछे बनाए गए विशेष गुप्त हिस्से से 90 कट्टों में 1827.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों वाहनों से कुल 95 कट्टों में 1928.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।

पंजाब के 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई—

  • रवि कुमार निवासी पातड़ा, जिला पटियाला
  • करनैल सिंह निवासी गांव मरोड़ी, जिला पटियाला
  • नरेश उर्फ नेशी निवासी निर्मलकोट (साधमाजरा), जिला पटियाला
  • सुखविंद्र सिंह उर्फ बिंदु निवासी गांव मरोड़ी, जिला पटियाला
  • हरविंद्र सिंह निवासी गांव रतनहेड़ी, जिला पटियाला
  • गुरजैंट निवासी समाना, जिला पटियाला

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त खरीदकर पंजाब में सप्लाई करने जा रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कलायत में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

2026 में नशा तस्करों पर लगातार सख्त कार्रवाई

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 111 मामलों में 169 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस ने 15.6 किलो अफीम, 7.30 किलो चरस, 139.5 किलो चूरा पोस्त, 747.16 ग्राम हेरोइन, 123.2 किलो गांजा, 2488 किलो डोडा पोस्त तथा 15 किलो अफीम फसल बरामद की है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कमर्शियल क्वांटिटी के 23 मामलों में 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक है।

“किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा”

डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि कैथल पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कैथल और गुहला-चीका में दो एंटी नारकोटिक सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उन्हें नशा तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Keywords: Kaithal Police News, Kaithal Drug Smuggling, Doda Post Seized, Haryana Police, NDPS Act, Kaithal Crime News, Drug Trafficking, Delhi Katra Highway, Kaithal Breaking News, Haryana Crime News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *