कैथल, 2 जुलाई। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ कैथल पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स सेल ने सीवन और राजौंद थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 12 किलो 650 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसमेर सिंह की टीम गश्त के दौरान बस अड्डा कांगथली पहुंची थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि साहिल उर्फ छबा, निवासी डेरा मंगल सिंह भूना, डोडा पोस्त की सप्लाई करने के लिए बस अड्डे पर मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। एईटीओ जतिन कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 6 किलो 500 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सीवन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल के एसआई बलराज सिंह की टीम गांव रोहेड़ा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर रोहेड़ा बस अड्डे पर दबिश देकर गुलाब सिंह, निवासी दुडाना (जिला जींद) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 किलो 150 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा तथा उनसे पूछताछ जारी है, ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
कैथल पुलिस की अपील
कैथल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति की नशा तस्करी में संलिप्तता की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




Leave a Reply