“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस का मानवता की मिसाल: रक्तदान शिविर में 44 यूनिट रक्त संग्रह, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने किया उद्घाटन


कैथल, 24 जून। समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए कैथल पुलिस ने बुधवार को पुलिस लाइन परिसर में भव्य रक्तदान शिविर एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। जिला नागरिक अस्पताल कैथल और सिग्नस अस्पताल के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनप्रीत सिंह सूदन ने किया।
रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया। शिविर के दौरान कुल 44 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने रक्तदाताओं को बैच लगाकर सम्मानित किया और उनकी सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा और मानव कल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास, सहयोग और सकारात्मक संबंधों को मजबूत करते हैं। एसपी ने जवानों द्वारा दिखाए गए उत्साह को पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर सिग्नस अस्पताल द्वारा आयोजित निशुल्क मेडिकल जांच शिविर में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। एसपी ने डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ड्यूटी की व्यस्तता और भागदौड़ भरे जीवन के कारण पुलिसकर्मी अक्सर अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच स्वस्थ और प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी रमेश चंद्र, रेडक्रॉस कैथल के सुपरिटेंडेंट पवन कुमार, सिविल अस्पताल से गुलाब सिंह, फार्मेसी ऑफिसर संदीप ढुल, सिग्नस अस्पताल से डॉ. रजत, डॉ. शिवम परमार सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल बताया।
Keywords: Kaithal Police Blood Donation Camp, SP Manpreet Singh Sudan, Blood Donation Camp Kaithal, Kaithal News, Police Line Kaithal, Free Medical Checkup Camp, Haryana Police News, Blood Donation Awareness, Kaithal Latest News, Humanitarian Work by Police.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *