“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में टाटा टीपर चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान-हरियाणा समेत 4 राज्यों में 15 से ज्यादा केस दर्ज

कैथल, 8 अगस्त। वाहन चोरी के खिलाफ कैथल पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल ने थाना तितरम क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान हुई टाटा टीपर गाड़ी चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एचसी देवेंद्र सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद निवासी आरोपी परवेज उर्फ बोलर को नियमानुसार गिरफ्तार किया। आरोपी को पहले से दर्ज एक अन्य मामले में फरीदाबाद जेल में बंद होने के कारण अदालत के आदेश पर प्रोडक्शन वारंट के जरिए कैथल पुलिस ने हिरासत में लिया।

19 अप्रैल 2025 को चोरी हुई थी टाटा टीपर

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव तितरम निवासी बलकार ने शिकायत दी थी कि वह टाटा टीपर गाड़ी चलाता था। उसने अपनी टाटा टीपर गाड़ी नंबर HR56B-8300 को 19 अप्रैल 2025 को एनएच-152 स्थित पयोदा रोड पर खान के गैरेज के पास खड़ा किया था।

अगली सुबह जब वह मौके पर पहुंचा तो गाड़ी वहां से गायब मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गाड़ी चोरी किए जाने की शिकायत पर थाना तितरम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

आरोपी पर चार राज्यों में 15 से ज्यादा वाहन चोरी के मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी परवेज उर्फ बोलर के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में वाहन चोरी के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपी पहले से एक अन्य मामले में फरीदाबाद जेल में बंद था। कैथल पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।

4 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

मामले में व्यापक पूछताछ और चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए कैथल पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत से आरोपी का 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान चोरी की गाड़ी और इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *