कैथल, 16 सितंबर। रिटायर्ड कर्मचारी संघ कैथल की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर 29 सितंबर को जिला मुख्यालय कैथल पर 24 घंटे का पड़ाव डाला जाएगा। इस दौरान रिटायर्ड कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में प्रधानमंत्री भारत सरकार के नाम ज्ञापन भी सौंपेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को रिटायर्ड कर्मचारी संघ कैथल ब्लॉक की बैठक भगत सिंह भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामफल गूहना ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान रमेश हरित, जिला सचिव जय प्रकाश शास्त्री, उपप्रधान ईश्वर ढाण्डा, कोषाध्यक्ष धूप सिंह सिरोही और वरिष्ठ नेता बलवन्त जाटान ने कहा कि रिटायर्ड कर्मचारियों ने विभिन्न विभागों में 30 से 40 वर्षों तक सेवाएं दी हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों और समस्याओं को नजरअंदाज किया जाना उनके साथ अन्याय है।
आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों को लाभ देने की मांग
रिटायर्ड कर्मचारी नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गठित आठवें वेतन आयोग के लाभों से पेंशनरों को वंचित किए जाने की आशंका है। उन्होंने मांग की कि पेंशनरों को भी वेतन आयोग के लाभों में शामिल किया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों का 18 महीनों का रोका गया महंगाई भत्ता अभी तक जारी नहीं किया गया है। इसके अलावा कैशलेस मेडिकल प्रणाली लागू करने, बढ़ती उम्र के साथ पेंशन में बढ़ोतरी करने तथा पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग भी उठाई गई।
महंगाई के बीच पेंशन बढ़ोतरी की मांग
रिटायर्ड कर्मचारी नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में वरिष्ठ नागरिकों की आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं। ऐसे में आयु बढ़ने के साथ पेंशन में उचित बढ़ोतरी की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा के लिए इस मुद्दे पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने सरकार से अपील की कि रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाए।
बैठक में ये कर्मचारी रहे मौजूद
बैठक में सूबे सिंह जाखोली, रामकरण फायर, पवन शास्त्री, रमेश गिल, रामकुमार किच्छाना, लाल चन्द पटवारी, गोपाल दास आनंद, गोपाल, दिलबाग सिंह सहित अन्य रिटायर्ड कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रेस नोट जसबीर सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान, रिटायर्ड कर्मचारी संघ कैथल की ओर से जारी किया गया।


Leave a Reply