“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

सांसद नवीन जिन्दल के स्वच्छता प्रयास सराहनीय: प्रमोद कौशिक, कुरुक्षेत्र में जल्द शुरू होगा नवीन स्वच्छता अभियान

कैथल, 11 अक्टूबर 2026। स्वच्छ भारत मिशन स्टेट लेवल टास्क फोर्स (शहरी), हरियाणा के वाइस चेयरमैन प्रमोद कौशिक ने सांसद नवीन जिन्दल की ओर से स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में चल रही स्वच्छता संबंधी पहल हरियाणा को स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

रविवार को कैथल स्थित जिन्दल हाउस पहुंचने पर कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों ने प्रमोद कौशिक का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। बैठक के दौरान रविन्द्र धीमान ने उन्हें कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में चलाए जा रहे स्वच्छता कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

इंदौर के स्वच्छता मॉडल का अध्ययन कर लौटा 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल

कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की पहल और पुंडरी के विधायक सतपाल जांबा के नेतृत्व में 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में इंदौर का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन प्रणाली का बारीकी से अध्ययन किया।

प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर में सेग्रीगेशन प्लांट, सीएनजी प्लांट, डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था, वेस्ट ट्रांसफर सेंटर और इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सेंटर का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी जुटाई।

दौरे के दौरान सदस्यों ने इंदौर के सांसद शंकर लालवाणी और पूर्व मेयर एवं वर्तमान विधायक मालिनी गौड़ से भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर में सफलतापूर्वक लागू किए गए स्वच्छता मॉडल के विभिन्न पहलुओं को समझा, ताकि इन अनुभवों का उपयोग कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में किया जा सके।

कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में जल्द शुरू होगा नवीन स्वच्छता अभियान

रविन्द्र धीमान के अनुसार, इंदौर के स्वच्छता मॉडल से मिली जानकारी और अनुभव के आधार पर कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में जल्द ही नवीन स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रभावी कचरा प्रबंधन के लिए उपयोगी मॉडल अपनाना है।

प्रमोद कौशिक ने सांसद नवीन जिन्दल की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पूरा सहयोग और भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से हरियाणा के शहरों और क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।

उन्होंने सांसद नवीन जिन्दल की ओर से क्षेत्र के विकास और जनहित में किए जा रहे अन्य कार्यों के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

कैथल की नगर निकायों के प्रतिनिधियों ने भी किया इंदौर का दौरा

इंदौर के स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करने वाले 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में कैथल जिले की विभिन्न नगर निकायों के प्रमुख भी शामिल रहे। इनमें नगर परिषद कैथल की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, नगरपालिका चीका की चेयरपर्सन रेखा रानी, नगरपालिका सीवन की चेयरपर्सन हेमलता सैनी, नगरपालिका राजौंद की चेयरपर्सन बबीता रानी, नगरपालिका पुंडरी की चेयरपर्सन बबली गोस्वामी और नगरपालिका कलायत के चेयरमैन अंकित राणा शामिल रहे।

इसके अलावा नवीन जिन्दल फाउंडेशन से शुभम ऐरी, भूषण मंगला और डॉ. राज कुमार तथा कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

मुख्य बात: इंदौर के स्वच्छता मॉडल से सीख लेकर कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में नवीन स्वच्छता अभियान शुरू करने की तैयारी है। इस पहल को लेकर स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के वाइस चेयरमैन प्रमोद कौशिक ने सांसद नवीन जिन्दल के प्रयासों की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *