कैथल, 5 जुलाई। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन, कैथल की जुलाई माह की बैठक हनुमान वाटिका में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत दिवंगत पूर्व सैनिकों एवं देश के शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद जून माह की गतिविधियों और एसोसिएशन के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में करनाल पूर्व सैनिक एसोसिएशन से पहुंचे कैप्टन सतबीर सिंह और हवलदार प्रेम सिंह का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। वहीं राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता पद से सेवानिवृत्त हुए सार्जेंट राजबीर ढूल को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया।
26 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा कारगिल विजय दिवस
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 जुलाई 2026 (रविवार) को हरियाणा शहीद स्मारक, पार्क रोड, कैथल में कारगिल विजय दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों के लिए एचएफओ भीम सिंह गिल के नेतृत्व में 10 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है।
समिति में एचएफओ भीम सिंह गिल, एचएफओ महेंद्र सिंह राणा, सार्जेंट राजबीर ढूल, हवलदार जीत सिंह, सूबेदार विजय शर्मा, एलडी बलदेव सिंह, हवलदार मांगेराम शर्मा, कैप्टन नरेंद्र सिंह, हवलदार थान सिंह और रिशालदार बलदेव सिंह सैनी को शामिल किया गया है। कार्यक्रम का संचालन सार्जेंट राजबीर ढूल करेंगे।
हवन, श्रद्धांजलि सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कारगिल विजय दिवस समारोह में हवन-यज्ञ, योग, शहीदों को श्रद्धांजलि, सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित कई देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। समिति आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करेगी।
उन्होंने बताया कि जिले के शहीद परिवारों, सैनिक वीरांगनाओं तथा विभिन्न जिलों की पूर्व सैनिक एसोसिएशनों को भी समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। मुख्य अतिथि का चयन समिति द्वारा बाद में किया जाएगा।
10 जुलाई को स्पर्श पेंशन शिविर
बैठक में जानकारी दी गई कि 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) सुबह 9 बजे ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, कैथल में स्पर्श पेंशन शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
करनाल पूर्व सैनिक एसोसिएशन की ओर से 12 जुलाई को आयोजित बैठक का निमंत्रण भी स्वीकार किया गया।
बैठक में महासचिव जेडब्ल्यूओ दलबीर सिंह, एयर फोर्स वेटरन्स राज्य प्रधान धर्मवीर सिंह, कैप्टन नरसिंह ढूल, कैप्टन मुख्तार सिंह, कैप्टन बलजीत सिंह, कैप्टन नरेंद्र सिंह, एचएफओ महेंद्र सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।



Leave a Reply