“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में नशा मुक्ति अभियान को मिलेगा मिशन मोड, मेडिकल स्टोरों की होगी औचक जांच: एडीसी सुशील कुमार


कैथल, 3 जुलाई। जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का फैसला लिया है। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा मुक्ति केंद्रों के नियमित निरीक्षण के साथ-साथ मेडिकल स्टोरों की औचक जांच भी की जाएगी, ताकि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिला सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने कहा कि बिना वैध डिग्री और पंजीकरण के चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नशा मुक्ति केंद्रों, मेडिकल स्टोरों पर हुई कार्रवाई, पुलिस की प्रगति और विभिन्न विभागों के जागरूकता अभियानों की समीक्षा की गई।
एडीसी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को कमजोर करता है। इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से पालन करें और कार्रवाई रिपोर्ट भी समय पर प्रस्तुत करें। उन्होंने पुलिस विभाग को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए स्रोतों का पता लगाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं ड्रग कंट्रोल ऑफिसर को मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, ड्रग कंट्रोल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया है।
बैठक में सीएमओ ने बताया कि ड्रग कंट्रोल ऑफिसर और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पट्टी अफगान क्षेत्र में छापेमारी कर आवश्यक कार्रवाई की है। एडीसी ने पुलिस विभाग को रात्रि प्रवास कार्यक्रमों के दौरान भी ग्रामीण क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
खेल विभाग ने सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से आयोजित नशा मुक्ति कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं शिक्षा विभाग को जुलाई माह के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए। बीईओ कैथल द्वारा स्कूल समय के दौरान स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने का सुझाव भी बैठक में रखा गया, जिस पर पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
बैठक में डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी रमेश गुलिया, सीएमओ रेणू चावला, डीएसडब्ल्यूओ अमतेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *