कैथल, 29 जुलाई। महिला अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना सीवन पुलिस ने नाबालिगा को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सीवन के एसएचओ एसआई जयभगवान के नेतृत्व में मामले की जांच कर रहे एसआई धनपति ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल को थाना सीवन क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी करीब 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को गांव का ही रवि शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिगा को सुरक्षित बरामद कर लिया। मेडिकल जांच के बाद दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामले में पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं को शामिल करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कैथल पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
(नोट: आरोपी पर लगाए गए आरोप पुलिस जांच और दर्ज मामले पर आधारित हैं। अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।)

Leave a Reply